हो सकती है तेल कीमतों में कमी !

 25 May 2018  1656


संवाददता/in24 न्यूज़

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से देशवासियों के मन में आक्रोश पैदा हुआ है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार से तेल की कीमतों को लेकर एक खुशखबरी  है। शुक्रवार को रूस तेल आपूर्ति में ढील देने के फैसले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से भी राहत मिल सकती है।

शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 44 सेंट्स सस्ता होकर 78.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है तो वहीँ वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमतों में भी कमी देखी जा सकती है, जो 33 सेंट सस्ता होकर 70.38 डॉलर प्रति बैरल पर आया है। रूस के ऊर्जा मंत्री एलेक्जेंडर नोवाक ने सऊदी के ऊर्जा मंत्री खालिद अल-फलिह से दुनिया भर के तेल आपूर्ति पर चर्चा की और दोनों वैश्विक तेल आपूर्ति की शर्तों को लेकर राजी हुए।

पेट्रोलियम एक्सपोर्ट‍िंग कंट्रीज (OPEC) के कड़ी नियमों की बदौलत बीते एक वर्ष में तेल आपूर्ति में काफी कमी आयी है, साथ ही वेनेजुएला में भारी आर्थिक संकट भी बढ़ती तेल की कीमतों के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। बहरहाल इस तेल के खेल को शायद जनता न समझ सके, लेकिन कीमतों में यदि कोई कमी आती है तो इसका सीधा लाभ जनता को होगा क्योंकि बढ़ती कीमतों की मार जनता की जेब पर पड़ रही है और तेल कीमतों में लगी आग में जनता की उम्मीदें झुलस रही है।