नीमच जिला जेल के बैरक नंबर 11 से चार कैदी फरार

 23 Jun 2019  1027

संवाददाता/in 24 न्यूज़। 

मध्यप्रदेश के नीमच में रविवार आज सुबह चार कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। यह कैदी दुष्कर्म, नशीली दवाओं की तस्करी समेत संगीन अपराधों में सजा काट रहे थे। कैदियों के फरार होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले में जेलर सहित 4 जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं फरार कैदियों को गिरफ्तार करने में मदद करने वालों को 50 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा भी की गई है। जिला जेल के जेलर आरसी बसुनिया के मुताबिक, वारदात सुबह 3.30 बजे से 4.30 बजे के मध्य की है। बैरक नंबर 11 के चार कैदी बैरक के सरीए काटकर बाहर आ गए और जेल की दीवार पर रस्सा डालकर दीवार पर चढ़ गए और बाहर छलांग लगा दी। जेलर के अनुसार बैरक के अंदर से आरी के चार पत्ते मिले है। जेल में 27 प्रहरी है जिनमें से 7 महिलाएं है। प्रारंभिक जांच में प्रहरियों की लापरवाहीं के साथ वारदात में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा मदद किए जाने की बात सामने आ रही है। कैदियों को पकड़ने के लिए जिले के साथ ही आसपास के क्षेत्रों की नाकाबंदी कर दी गई है। इससे पहले फरवरी 2017 में भी मुरैना जिला जेल से दो कैदी फरार हो गए थे। वहीं 2016 में आतंकी संगठन सीमी के आठ आतंकवादी भोपाल जेल के प्रहरी की हत्या कर फरार हो गए थे। 2009 में निमच की इसी जेल से 5 कैदी फरार हुए थे। जेल से भागे आरोपियों को गिरफ्तार करवाने वाले व्यक्ति को 50, 50 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की गई हैं। वहीं मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में 4 जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया है। सर्कल जेल अधीक्षक आरआर डांगी के अनुसार जेल प्रहरियों विजेंद्र धाकड़, ईश्वर, संचित शर्मा और बालमुकुंद लवाना को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर किया है। इसके साथ ही जेलर आरपी वसुनिया को भी सस्पेंड कर दिया गया है।

यह कैदी हुए फरार

  • नरसिंह पिता बंसीलाल बंजारा (20) निवासी ग्राम गणेशपुरा थाना भिंडर जिला उदयपुर। नरसिंह को एनडीपीएस के तहत 10 साल की सजा हुई थी।
  • दुबे लाल पिता दशरथ धुर्वे (19) निवासी ग्राम गोगरी थाना नौगांव जिला मंडला। दुबेलाल को धारा 376 में 10 साल की सजा हुई थी। 
  • पंकज पिता रामनारायण मोंगिया (21) निवासी ग्राम नल वाई थाना बड़ी सादड़ी जिला चित्तौड़। पंकज एनडीपीएस के तहत सजा काट रहा था।
  • लेख राम पिता रमेश बावरी (29) निवासी ग्राम चंदवासा थाना मल्हारगढ़ जिला मंदसौर