अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हुए क्रिकेटर मोहम्मद शमी

 09 Jan 2024  119
संवाददाता/in24 न्यूज़.

आज राष्ट्रपति भवन में नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड सेरेमनी सुबह 11 बजे शुरू हुई। सबसे पहले द्रोणाचार्य अवार्ड दिए गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अलग-अलग अवार्ड से सम्मानित करेंगी। देश की स्टार बैडमिंटन जोड़ी सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यान चंद खेल रत्न अवॉर्ड मिलेगा। वहीं, मोहम्मद शमी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड से नवाजा जा रहा है। अर्जुन अवॉर्ड विनर शमी ने क्रिकेट विश्व कप 2023 में ही शानदार प्रदर्शन किया था। जहां भारत फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारकर उपविजेता रहा। टूर्नामेंट के शुरुआती चार मैच नहीं खेलने के बावजूद शमी 24 विकेट लेकर टूर्नामेंट टॉप विकेट टेकर रहे। गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) को कोचिंग का सबसे बड़ा सम्मान द्रोणाचार्य अवार्ड दिया गया। वहीं बैडमिंटन स्टार जोड़ी चिराग और सात्विक के लिए 2023 साल बहुुत ही यादगार रहा। उन्होंने एशियन गेम्स में गोल्ड जीता (एशियन गेम्स के बैडमिंटन इवेंट में भारत का पहला गोल्ड) और एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता। इस जोड़ी ने इंडोनेशिया सुपर 1000, कोरिया सुपर 500 और स्विस सुपर 300 के खिताब भी जीते। सात्विक-चिराग वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडल विनर हैं और 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीतकर लौटे थे। दोनों को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड मिलेगा, जो भारत में खेलों का सर्वोच्च सम्मान है। इससे जहां खिलाडियों का मनोबल बढ़ता है वहीं देश का नाम भी रोशन होता है।