प्रेमी की आत्महत्या के दो दिन बाद नाबालिग प्रेमिका ने भी जान दी

 05 Oct 2023  676

संवाददाता/in24 न्यूज़.
प्रेमी के आत्महत्या करने के दो दिन बाद पंजाब की एक नाबालिग लड़की ने हैदराबाद में आत्महत्या कर ली। 19 वर्षीय नेहा ने गाचीबाउली पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत नानकरामगुडा में एक हॉस्टल में फांसी लगा ली। लड़की इसी हॉस्टल में रहती थी। पुलिस के मुताबिक, वह एक बेकरी में सेल्स गर्ल के तौर पर काम करती थी। उसकी दोस्ती सलमान नामक व्यक्ति से थी, जो उसी बेकरी में काम करता था। उन्हें एक दूसरे से प्यार हो गया और वे शादी करना चाहते थे। दोनों के प्रेम प्रसंग का पता चलने पर बेकरी प्रबंधन ने सलमान को नौकरी से निकाल दिया। उसके माता-पिता ने भी नेहा से शादी करने के उनके प्रस्ताव का विरोध किया था। इससे परेशान होकर बालापुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के वेंकटपुरम निवासी सलमान ने एक अक्टूबर को आत्महत्या कर ली। सलमान की आत्महत्या के बारे में पता चलने के बाद नेहा सदमे में आ गई। मंगलवार को, जब हॉस्टल में नेहा के रूममेट उसे जॉब पर चलने के लिए कहने गए तो उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। हॉस्टल के एक कर्मचारी ने कमरा साफ करने के लिए दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उसने खिड़की से झांककर देखा तो लड़की पंखे से लटकी हुई थी। इसकी जानकारी कर्मचारी ने हॉस्टल प्रबंधन को दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।