महिलाओं को दुष्कर्म का शिकार बनाने वाला ढोंगी बाबा गिरफ़्तार

 11 Oct 2023  444

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
दिल्ली के द्वारका से पुलिस ने एक शातिर बाबा को गिरफ्तार किया है। बाबा लोगों के दुख काटने के बहाने महिलाओं को अपना शिकार बनाकर उनसे दुष्कर्म करता था। दुष्कर्म करने के बाद जबरन उगाही और ब्लैकमेलिंग करता था। आरोपी का नाम विनोद है, जिसको बाबा मसानी के नाम से जाना जाता है। उत्तर द्वारका थाना पुलिस को एक महिला ने शिकायत दी थी। अभी पुलिस को और भी पीड़ित महिलाओं का भी पता लगा है। आरोपी बाबा को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। बाबा खुद का यूट्यूब चैनल भी चलाता है। बाबा माता मसानी चौकी दरबार के नाम से अपना आश्रम चला रहा था। सोमवार देर रात ककरौला मोड़ निवासी महिला ने पुलिस को कॉल कर आपबीती बताई थी। महिला ने कहा था कि बाबा ने कष्ट काटने के बहाने उससे दुष्कर्म किया।अब आरोपी उसको ब्लैकमेल कर रहा है। सूचना के बाद एसीपी द्वारका मदन लाल मीणा ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस अधिकारी एसआई दुर्गेश ने मौके पर जाकर पीड़िता से संपर्क किया था। इसके बाद लोगों ने द्वारका थाने के बाहर भी बवाल किया था। महिला अपने पति के साथ बाबा मसानी के पास गई थी, उसके घर में दिक्कत चल रही थी। बाबा ने दीक्षा के नाम पर उससे पांच लाख रुपए की मांग की थी, मगर  दंपत्ति ने पैसा देने से मना किया था। इसके बाद वे लोग एक दिन फिर बाबा के पास गए, तो आरोपी ने प्रसाद में नशीला पदार्थ दिया था। उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में ब्लैकमेल करने लगा। धमकी से परेशान होकर उसने पुलिस को शिकायत दी है। जिसके बाद बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है। द्वारका जिले के डीसीपी एम हर्षवर्धन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बाबा विनोद पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू है।