दुष्कर्म के बाद गर्भवती बालिका ने दे दी जान, पॉक्सो के तहत आरोपी गिरफ्तार

 03 Dec 2023  833

संजय मिश्रा/in24न्यूज़/नवी मुंबई 

मुंबई से सटे नवी मुंबई में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर बार-बार दुष्कर्म करने की घृणित वारदत को अंजाम दिया गया. यही नहीं,उसे गर्भवती करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का भी गंभीर कृत्य किया गया. पुलिस ने इस आरोप में 23 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अभी मुंबई की कोपरखैरने पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग लड़की की मां की शिकायत के बाद कोपरखैरने पुलिस ने शुक्रवार के दिन कथित आरोपी को मुंबई के गोवंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 305 (नाबालिग को आत्महत्या के लिए उकसाने), 376(2)(एन) (बार-बार दुष्कर्म) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है. in24न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार कथित आरोपी ने 17 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दोस्ती की, यह जानते हुए भी कि वह नाबालिग है और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया. जिससे पीड़ित बालिका गर्भवती हो गई. आखिरकार परेशान होकर पीड़ित लड़की ने 28 नवंबर को अपने घर में फांसी लगा कर अपनी जीवनलीला खत्म कर ली. फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और मामले की जांच में नवी मुंबई की कोपर खैराने पुलिस जुट गई है लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सरकार और प्रशासन द्वारा बनाए गए सख्त कानून के बावजूद भी समाज में लड़कियां आज भी सुरक्षित क्यों नहीं है ?