दक्षिण अफ्रीका से ठाणे आया शख्स मिला कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप

 29 Nov 2021  687

संवाददाता/ in24 न्यूज़ 

 

कोरोना वायरस (coronavirus) के नए वैरिएंट ओमीक्रोन (omicron) को लेकर भारत के सभी राज्य की सरकारों ने अपने अपने यहाँ दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं. कर्नाटक (karnatak) में दक्षिण अफ्रीका (south africa) से आए दो विदेशियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हड़कंप मच गया था, जिसके बाद अब महाराष्ट्र के ठाणे से भी 

दक्षिण अफ्रीका से आए एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव सामने आई है. यह व्यक्ति ठाणे के डोंबिवली इलाके का रहने वाला है. कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (kdmc) की केडीएमसी की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रतिभा पाटिल ने कहा कि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि मरीज कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित हुआ है, जिसे WHO द्वारा वेरिएंट ऑफ कंसर्न घोषित किया है। फिलहाल उसके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।

अधिकारी ने आगे बताया कि वह व्यक्ति 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन से डोंबिवली आया था। जाँच में उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पाटिल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद वह व्यक्ति किसी के संपर्क में नहीं आया है। हालांकि वह दक्षिण अफ्रीका से पहले दिल्ली आ गए थे, उसके बाद ठाणे पहुंचे थे। 

पाटिल के मुताबिक़, संक्रमित पाए गए शख्स ने साउथ अफ्रीका से दिल्ली और दिल्ली से मुंबई का सफर तय किया था। उसके भाई की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिवार के बाकी सदस्यों का आज परीक्षण किया जाएगा।
 
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (uddhav thackeray) ने रविवार को लोगों से कहा कि वे दक्षिण अफ्रीका में पाए जाने वाले नए वेरिएंट के मद्देनजर कोरोनावायरस के बारे में ढील न बरतें। उन्होंने कहा कि राज्य एक और लॉकडाउन बर्दाश्त नहीं कर सकता। इससे बचने के लिए कोरोना संबंधी सभी उपायों का पालन करना चाहिए। 

बता दें कि कोरोना के इस रूप से भारत समेत पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। वहीं बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका के दो नागरिक कोरोना से संक्रमित पाए गए थे लेकिन अब जांच में पता चला है कि दोनों ओमीक्रोन से संक्रमित नहीं हैं। उनके डेल्टा वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।