अब बतौर कोच क्रिकेट सिखाएंगे धोनी

 27 Jun 2020  717

संवाददाता/in24 न्यूज़.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब एक नई भूमिका के तहत बतौर कोच नज़र आएंगे। लंबे समय से मैदान से दूर रहने के बावजूद वह खबरों में लगातार बने रहते हैं। खबर है कि धोनी बिना संन्यास लिए कोच बनने जा रहे हैं। वह जल्द ही खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाते नजर आने वाले हैं। इसके साथ ही यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या धोनी मैदान के बाहर से ही रिटायरमेंट की घोषणा कर देंगे। एक वेबसाइट के मुताबिक, एमएस धोनी कोचिंग में अब हाथ आजमाने जा रहे हैं। वह अगले महीने दो जुलाई से ऑनलाइन क्रिकेट की कोचिंग शुरू करेंगे। जानकारी के अनुसार धोनी ऑनलाइन क्रिकेट अकेडमी कोचिंग शुरू करने जा रहे हैं। इस क्लास में हर उम्र के खिलाड़ियों को शामिल होने का मौका मिलेगा। छह साल से लेकर सीनियर खिलाड़ी भी धोनी की ऑनलाइन कोचिंग क्लास में शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी की यह अकेडमी आर्का स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़कर काम करेगी। अकेडमी से जुड़े लोगों का कहना है कि खिलाड़ियों में धोनी की क्लास को लेकर सकारात्मक रुख नजर आ रहा है। जल्द ही इसे और बढ़ाया जाएगा। साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर डेरिक कलिनन को इस प्रोजेक्ट का डायरेक्टर बनाया गया है। उनके पास कोचिंग से जुड़ा काफी लंबा अनुभव है।