विराट अनुष्का के घर आने वाला है नन्हा मेहमान

 27 Aug 2020  579

संवाददाता /in24न्यूज़.

विराट कोहली अपने खेल से लोगों का दिल जीतते रहे हैं तो अनुष्का शर्मा अपनी फिल्मों से मनोरंजन देने का काम करती हैं. अब ये दोनों एक नई खुशखबरी से दुनिया को खुश करने जा रहे हैं. ये दोनों जल्द ही मम्मी और पापा बनने वाले हैं। ये खुशखबरी अनुष्का ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। अनुष्का ने अपने पति कोहली के साथ एक प्यारी तस्वीर शेयर की। फोटो में अनुष्का को अपने बेबी बंप को फ्लॉन्ट करते हुए देखा जा सकता है। इसके साथ अनुष्का ने लिखा कि और फिर, हम तीन हो गए। जनवरी 2021. विराट ने भी यही तस्वीर इसी कैप्शन के साथ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की। ये कपल जनवरी में अपने पहले बच्चे का स्वागत करेंगे। पिछले कुछ समय से अनुष्का के प्रेग्नेंट होने की खबरें सोशल मीडिया पर थीं। दरअसल अनुष्का को मुंबई में एक क्लिनिक के बाहर स्पॉट किया गया था, जिसके बाद इस बात के कयास लगाये जाने लगे कि अनुष्का गर्भवती हैं। हालांकि अब एक्ट्रेस ने खुद ही इसकी घोषणा कर दी है। अनुष्का और विराट ने लंबे रिलेशनशिप के बाद दिसंबर 2017 में शादी की थी। दोनों ने इटली में एक दूसरे के साथ सात फेरे लिए थे। विराट और अनुष्का के इस ताजा एलान के साथ ही उनके दोस्तों, करीबियों और फैंस ने इस जोड़े को परिवार में नए सदस्य के आने के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि अनुष्का की पोस्ट पर भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और आलिया भट्ट ने बधाई दी, जबकि विराट के पोस्ट पर साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसि ने शुभकामनाएं दीं। खैर  हम तो यही कहेंगे कि आने वाले नन्हे मेहमान ढेरों खुशियां लाये.